Amethi:- मुसाफिरखाना में फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र को लेकर बवाल, पीड़ित ने सचिव और एडीओ पंचायत पर लगाए गंभीर आरोप
मुसाफिरखाना में फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र को लेकर बवाल, पीड़ित ने सचिव और एडीओ पंचायत पर लगाए गंभीर आरोप
अमेठी। मुसाफिरखाना विकासखंड के शादीपुर गांव में फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र जारी किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। गांव के निवासी सत्यवीर सिंह ने ग्राम सचिव और एडीओ पंचायत पर गंभीर आरोप लगाते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
सत्यवीर सिंह का कहना है कि उनके बाबा शिव बहादुर सिंह की मृत्यु 20 अगस्त 2006 को हुई थी, जिस आधार पर पहले ग्राम सचिव संजय आनंद द्वारा मृत्यु प्रमाण पत्र जारी किया गया था। लेकिन हाल ही में वर्तमान सचिव संजय वर्मा और सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) ने उक्त प्रमाण पत्र को त्रुटिपूर्ण बताते हुए एक नई तिथि—5 जनवरी 2006—के अनुसार दूसरा मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने की नोटिस भेजी है।
इस नई तिथि का दावा बृजेश सिंह नामक व्यक्ति द्वारा किया गया है, जिसे एडीओ पंचायत ने सही माना है। हालांकि सचिव संजय वर्मा द्वारा परिवार रजिस्टर की नकल में पुनः 20 अगस्त 2006 की ही तिथि अंकित की गई है, जिससे मामला और उलझ गया है।
पीड़ित सत्यवीर सिंह का आरोप है कि मामला पूरी तरह से फर्जीवाड़ा का है, जिसका मकसद संपत्ति या अन्य लाभों की अवैध रूप से प्राप्ति हो सकता है। उन्होंने इस पूरे प्रकरण की शिकायत उच्चाधिकारियों से करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
इस संबंध में जब खंड विकास अधिकारी से बात की गई तो उन्होंने कहा कि यदि पीड़ित को नोटिस जारी की गई है, तो वे उस पर आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।
गांव में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है और ग्रामीणों में भी प्रशासनिक पारदर्शिता को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

Comments
Post a Comment